ग्‍वालियर के युवक का बर्थडे पार्टी में अपहरण! टेरर टैक्‍स नहीं देने पर मारी गोली, दहशत में इलाका

ग्वालियर. दोस्त का जन्मदिन मना रहे युवाओं को अंदाजा भी नहीं था कि बहोड़ापुर क्षेत्र में जश्न का माहौल कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार और पुलिस सायरन में बदल जाएगा. देर रात पुलिस चौकी के पास चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान विक्की यादव नामक युवक को कथित तौर पर कुछ लोगों ने घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले विवाद किया और फिर युवक को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए.

घटना ने इसलिए भी सनसनी फैला दी क्योंकि यह सब पुलिस चौकी के नजदीक हुआ. सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग सक्रिय हुए. पुलिस को खबर दी गई और शहर में पीछा शुरू हो गया. देखते ही देखते यह मामला अपहरण, मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब घायल युवक का इलाज चल रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं.

कैसे शुरू हुआ पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, कोटेश्वर कॉलोनी निवासी विक्की यादव अपने मित्र अंकित सोनी के जन्मदिन समारोह में शामिल था. कार्यक्रम बहोड़ापुर स्थित विनय नगर पुलिस चौकी के पास चल रहा था. इसी दौरान छोटू कमरिया उर्फ सत्येंद्र कमरिया और उसके कुछ साथी वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने शराब और पैसों की मांग की. विवाद बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के वहां से जाने की कोशिश करते ही उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद उसे कथित रूप से एक कार में बैठाकर ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और पीछा शुरू हुआ.

कार के अंदर मारपीट, फिर सिटी सेंटर में चली गोली
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने रास्तेभर विक्की यादव के साथ मारपीट की. इस बीच पुलिस की एफआरवी टीम भी उनके पीछे लगी रही. सिटी सेंटर क्षेत्र पहुंचने पर हालात और गंभीर हो गए. प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार, पीछा तेज होता देख आरोपियों ने युवक के पैर में गोली मार दी. घायल अवस्था में उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल तक पीछा करने की चर्चा
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्ध अस्पताल क्षेत्र तक पहुंच गए थे. हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण वे वहां से निकल गए. इस घटनाक्रम ने पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ा दी है. ग्वालियर के सीएसपी रोबिन जैन के अनुसार, विक्की यादव को पुलिस चौकी के पास से कथित तौर पर अगवा किया गया और बाद में घायल अवस्था में छोड़ा गया. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी जा रही है.

बिजनेस विवाद और टैरर टैक्स के आरोप
मामले में दो तरह के आरोप सामने आ रहे हैं. एक पक्ष का दावा है कि युवक पर कथित रूप से डिस्क कारोबार में साझेदारी का दबाव बनाया जा रहा था. वहीं स्थानीय स्तर पर ‘टैरर टैक्स’ मांगने और वसूली को लेकर भी आरोप लगाए जा रहे हैं. पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है.

शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल
पुलिस चौकी के पास से कथित अपहरण, शहर में पीछा, फायरिंग और फिर आरोपियों का फरार हो जाना कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.