इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार रात 13 वर्षीय मासूम बच्चे अली की महज एक घंटे से भी कम समय में नृशंस हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी रेहान को हिरासत में लिया है। रेहान ने पतंग की डोर दिखाने का लालच देकर अली को श्रीदेवी अपार्टमेंट स्थित अपने घर बुलाया था। रेहान ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की और एक नाबालिग पर आरोप मढ़ता रहा, लेकिन सख्ती बढ़ते ही उसकी झूठ की परतें उधड़ गईं। रेहान ने शनिवार रात कबूल किया कि हत्या के बाद उसने अपने ताऊ की मदद से शव छुपाया और खून से सने कपड़े वाशिंग मशीन में धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
वारदात से पहले फूंका गांजा
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वारदात से पहले उसने गोगो पेपर में गांजा फूंका था। नशे के बाद उसकी नीयत बिगड़ी और उसने मासूम को अपना शिकार बना लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड हासिल की है। एमआईजी टीआई सी.बी. सिंह के अनुसार श्रीदेवी अपार्टमेंट, श्रीनगर मेन रोड निवासी 21 वर्षीय रेहान पुत्र अब्दुल शाकीर शातिर किस्म का अपराधी है। उसने दिनभर खुद को बेगुनाह बताकर पुलिस को उलझाए रखा और रात में दबाव पड़ते ही पूरी कहानी उगल दी।
बच्चे से की आपत्तिजनक हरकत
रेहान ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे वह पार्किंग में टहल रहा था। उसी दौरान मासूम बच्चे से उसकी मुलाकात हुई, जो मल्टी में रहने वाले दोस्त के पास जाने की बात कह रहा था। मांझा देने का लालच देकर रेहान उसे छत पर ले गया। वहां पहले बातों में उलझाया, फिर वह उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने लगा। विरोध पर बच्चे को बेरहमी से पीटा। बच्चा जब वहां से भागने लगा तो रेहान ने छत पर पड़ी सीमेंट की ईंट उसके सिर पर मार दी। बेहोश होते ही उसने मांझे से गला कसने की कोशिश की, लेकिन मांझा टूट गया। इसके बाद कपड़े सुखाने की नायलॉन रस्सी से मासूम का गला घोंटकर हत्या कर दी।
टीआई के मुताबिक, आरोपी ने छत पर फैले खून को भी पानी से धोया और अपने खून सने कपड़े वाशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिए। पुलिस ने कपड़े बरामद कर लिए हैं। जांच में नयापुरा निवासी अब्दुल रफीक उर्फ राजा (पुत्र अब्दुल हक) की भूमिका भी सामने आई है, जो रेहान का ताऊ है और उसे आरोपी बनाया गया है।
ताऊ को बुलाकर रची साजिश
रेहान ने बताया कि घटना के बाद उसने पहले खजराना में रहने वाले दोस्त को कॉल किया। फोन नहीं उठने पर उसने बहाना बनाकर राजा को बुलाया। राजा को पूरी घटना बताकर रोने लगा और कहा कि लोग उसे मार डालेंगे। गुस्से में राजा ने उसकी पिटाई भी की, लेकिन बाद में दोनों ने मिलकर शव ठिकाने लगाने की साजिश रची। मासूम के शव को कंबल में लपेटकर पलंग पेटी में छुपा दिया गया। रात साढ़े 11 बजे तक राजा रेहान के साथ ही मौजूद रहा, जबकि रेहान की मां शहजादी किचन में सो रही थी।
पुलिस के अनुसार, रेहान ने यह भी बताया कि वह बच्चे के बेहोश होने के बाद उसके स्वजन से फिरौती वसूलने की फिराक में था, लेकिन बच्चे की मौत हो गई। आरोपी बार-बार बयान बदलकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस का कहना है कि उसका परिवार भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसका भाई रजा अहमद पहले से ही हत्या के मामले में जेल में बंद है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस को उम्मीद है कि ताऊ राजा की गिरफ्तारी से और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल राजा लगातार लोकेशन बदल रहा है। रात में वह गड़बड़ी पुलिया, सुदामा नगर और एरोड्रम क्षेत्र में घूमता देखा गया, इसके बाद देपालपुर पहुंचकर उसने मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
यह हुअ था घटनाक्रम
इंदौर में शुक्रवार रात महज एक घंटे से भी कम समय में मासूम अली की नृशंस हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी रेहान ने पतंग की डोर दिखाने का लालच देकर अली को श्रीदेवी अपार्टमेंट स्थित अपने घर बुलाया था। रात करीब साढ़े 8 बजे का अंतिम सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें अली अपार्टमेंट में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले अली का आरोपी रेहान और एक अन्य नाबालिग रिजवान से मामूली विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रेहान अली को अपार्टमेंट की छत पर ले गया, जहां किसी राहगीर ने बचाव–बचाव की चीखें सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस करीब साढ़े नौ बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तीसरी मंजिल तक ही जाकर लौट गई और छत तक नहीं पहुंची। इसी दौरान रेहान और उसके नाबालिग साथी ने अली की हत्या कर दी और शव को फ्लैट नंबर 42 में ले जाकर लोहे की संदूक में छिपा दिया।