MP में नाश्ते के पैसे मांगने पर बवाल… पुलिसकर्मियों ने दुकानदार को पीटा, लड़की से की अभद्रता

नरसिंहपुर: जिले के चीचली थाना क्षेत्र में नर्मदा जयंती मेले के दौरान पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। सीतारेवा नदी तट पर नाश्ते की दुकान लगाने वाले अनिल कुमार कहार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि 26 जनवरी की शाम नाश्ता करने आए पुलिसकर्मियों से जब उन्होंने भुगतान मांगा तो वे नाराज हो गए और विवाद शुरू कर दिया।

थाने ले जाकर मारपीट का आरोप
अनिल कुमार का आरोप है कि विवाद के बाद डायल 100 के जरिए पहुंचे एएसआई चौहान, आरक्षक मोहित यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन घसीटते हुए थाने ले जाकर एक कमरे में बंद किया और लात-घूंसों से मारपीट की। साथ ही झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।

बीच-बचाव करने पर बहन से भी अभद्रता
पीड़ित के अनुसार, जब उसकी बहन चांदनी बीच-बचाव के लिए पहुंची तो उसके साथ भी गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इस घटना से पीड़ित परिवार मानसिक रूप से आहत है।

प्राथमिक जांच में 60 रुपये भुगतान की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पेटीएम के माध्यम से 60 रुपये के भुगतान की बात सामने आई है। पुलिस और दुकानदार के बीच विवाद के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
एएसपी संदीप भूरिया के अनुसार, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की गलती पाई जाती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।