मध्यप्रदेश में चलती ट्रेन में सवार होने की जल्दबाजी, महिला के लिए बना जिंदगी भर का दर्द, दोनों पैर कटे

नर्मदापुरम. जिले के इटारसी रेलवे जंक्शन से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. चलती ट्रेन में सवार होने की जल्दबाजी एक महिला के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद मासूम बच्चे को मामूली चोटें आई हैं.

इटारसी रेलवे जंक्शन
जानकारी के अनुसार, प्लेटफार्म नंबर 4 से अगरतला जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी. इसी दौरान जबलपुर जिले की रहने वाली 25 वर्षीय अंजलि कश्यप अपने लगभग 3 साल के बेटे के साथ ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं. ट्रेन गति पकड़ चुकी थी, तभी अंजलि का संतुलन बिगड़ गया. संतुलन खोने के कारण महिला और उसका बच्चा प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की खाली जगह में जा गिरे. हादसा इतना भयावह था कि महिला का एक पैर जांघ के पास से और दूसरा पैर पंजे के हिस्से से कट गया. बच्चे को हल्की चोटें आईं. घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में हड़कंप का माहौल बन गया.

महिला की हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रुकवाने के लिए चेन पुलिंग की. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचा. कर्मचारियों ने तेजी से राहत कार्य शुरू करते हुए महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला. महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया. बताया जा रहा है कि घायल महिला का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है. बच्चे की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के खतरों को उजागर कर दिया है. रेलवे यात्रियों से लगातार सावधानी बरतने और चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश न करने की अपील करता रहा है.