पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 साल की रेप पीड़िता को वापस वहीं भेज दिया गया जहां उसका रेप हुआ था जिसके बाद आरोपी ने फिर उसका उत्पीड़न किया। छत्तरपुर पुलिस ने इस मामले में ऐक्शन लेते हुए 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्द की है जिसमें सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष का नाम भी शामिल है। मामला 16 जनवरी 2025 का है जब लड़की स्कूल जाने के बाद अचानक लापता हो गई। इसके बाद, उसके परिवार ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने एक महीने बाद 17 फ़रवरी, 2025 को उसे हरियाणा के गुरुग्राम से बरामद किया। उसके साथ एक दूसरे गांव का आरोपी भी मिला और उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया। उसे यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया, उस पर अपहरण और बलात्कार का आरोप लगाया गया और जेल भेज दिया गया। यह मामला, जो पहले पन्ना कोतवाली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, बाद में छतरपुर जिले के जुझार नगर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया।
पीड़िता आरोपी की भाभी की चचेरी बहन भी थी। मामला दर्ज होने और आरोपी को हिरासत में लेने के बाद, नाबालिग को पुनर्वास के लिए पन्ना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीडब्ल्यूसी) में भेज दिया गया। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में उसे पन्ना स्थित वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) में रखा गया था, लेकिन बाद में सीडब्ल्यूसी ने उसे आरोपी की भाभी, यानी उसकी चचेरी बहन के घर भेज दिया। आरोपी उस समय जमानत पर बाहर था। उसने फिर नाबालिग का यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।