मध्य प्रदेश में नाबालिग समेत 2 सगी बहनों से रेप, मौसेरे भाई और दोस्त पर दुष्कर्म करने का आरोप

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में किशोरी समेत दो सगी बहनों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 साल की विवाहिता और उसकी नाबालिग बहन के साथ उनके ही मौसेरे भाई व उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया। बहनों ने अब इस संबंध में पुलिस में शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना बिजौली थाना स्थित एक गांव की है।

दतिया निवासी 22 वर्षीय युवती की शादी ग्वालियर में हुई है। युवती का पति पेंटर है और अभी गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करता है। पीड़िता के एक बच्ची है, जिसकी देखरेख के लिए वह अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को साथ रखती है। पिछले दो साल से विवाहित युवती की दोस्ती मोसेरे भाई से है और उनके बीच बातचीत होती थी। वह कई बार उसके घर भी आकर रुकता था। विवाहित युवती के अनुसार, वह अपनी बहन के साथ शीतला माता मंदिर गई थी। वहां से लौटते समय काफी अंधेरा हो गया था। वहां पर उनको मौसेरा भाई और उसका दोस्त अमन खान मिला था। दोनों ने अंधेरा काफी होने पर सुरक्षा की दृष्टि से दोनों बहनों को घर छोड़ने के लिए कहा। यहां पर मौसेरे भाई और अमन ने उन्हें बताया कि रात अधिक हो गई है और वह उनके घर पर ही रुकेंगे। इसके बाद वह उनके साथ उनके घर आ गए और उन्हें खाना खिलाया। इसके बाद वह सो गए।

रात में मौसेरे भाई उसके पास पहुंचा और उसका दोस्त अमन खान उसकी नाबालिग बहन के पास पहुंचा और जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी मौसेरा भाई उसके साथ गलत काम कर चुका है।

शादी का झांसा देकर रुपये और पायल हड़पीं

सुबह मौसेरा भाई और अमन खान ने उन्हें शादी का झांसा दिया और उन्हें साथ लेकर निकले गए। रेलवे स्टेशन पर टिकट कराने और रहने-खाने के लिए पैसे नहीं होने की बात कहकर मौसेरे भाई ने उनसे 40 हजार रुपये और 1 जोड़ी चांदी की पायल हड़प लीं। इसके बाद वह कहीं चले गए। वह काफी देर इंतजार करती रहीं, लेकिन वो दोनों वापस नहीं आए। इसके बाद वह मौसी के घर पहुंची तो वह गायब था।

मारने की दी धमकी
धोखे का शिकार पीड़िता वापस मायके पहुंची तो मौसेरा भाई वहां पर मिला। महिला ने गलत काम को लेकर विरोध किया और उससे पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो जान से मार देगा। उस समय डर के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई। अब उन्होंने घटना की जानकारी मां व पिता को दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

एसडीओपी बेहट मनीष यादव ने बताया दो बहनों के साथ दो युवकों ने रेप की वारदात को अंजाम दिया है। साथ ही, शादी का झांसा देकर उनके जेवर और नकदी भी ऐंठी है।आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।