उज्जैन: पंवासा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका से जुड़ा मामला सामने आया है. शुक्रवार को 16 वर्षीय पीड़ित नाबलिग युवक और उसके परिजन ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर एएसपी आलोक शर्मा को शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत में नाबालिग ने बताया कि प्रेमिका के परिजन ने उसके साथ बीते 15 जनवरी को बर्बरता की है. उसे शहर के शंकरपुर इलाके में निर्वस्त्र कर भरे बाजार घुमाया, खूब मारा और पीटा. पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों पर मामला दर्ज किया है, जिसमें 2 नाबालिग हैं. पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है.
नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका ने भागकर की थी शादी
पीड़ित नाबलिग युवक ने थाना पंवासा पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाते हुए बताया कि वह मजदूरी का काम करता है. करीब तीन चार महीने पहले मैं और मेरी नाबालिग प्रेमिका घर से भाग गए थे. हमने रतलाम के महाकाल मंदिर में शादी की और 18 दिन बाद उज्जैन आकर थाना पंवासा पुलिस को सरेंडर कर दिया. पुलिस ने उस वक्त नाबालिग प्रेमिका को सुधार गृह पहुंचा दिया था और मुझे बाल सुधार गृह. इस बात से प्रेमिका के पिता और उसका परिवार मुझसे रंजिश रखते थे. मैं जेल से छूटने के बाद अपनी मां के साथ देवास शिफ्ट हो गया.
निर्वस्त्र कर पीटने का लगाया आरोप
पीड़ित नाबलिग युवक ने बताया कि “15 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे मैं अपने उज्जैन स्थित घर शंकरपुर आया था, तभी मुझे पुरानी बात पर मेरी प्रेमिका के घर वालों ने मुझे पकड़ लिया जबकि मैं अपने दोस्त से कुछ पैसे उधार लेने उज्जैन आया था. इसके बाद मुझे घर में रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर जमकर पीटा. इसके बाद भरे बाजार निर्वस्त्र कर जुलूस निकाला.”
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि “युवक के साथ दुर्व्यवहार किया है. प्रशासन से मांग की है इस युवक को न्याय मिले और उसके परिवार के साथ दुर्व्यवहार न हो. यदि ऐसा नहीं हुआ तो युवक कांग्रेस आंदोलन करेगी.”
‘पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार’
एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि “एक नाबलिग को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो सामने आया है. मामले में पीड़ित और उसकी मां शिकायत के लिए आए थे. घटना 15 जनवरी की है और उसी दिन शाम 04 बजे थाना पंवासा पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(a) , 115(2), 351(3), 133, 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है.”