भोपाल. मध्य प्रदेश में वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाने का काम पिछले कुछ समय से बेहद सुस्त है. यहां टारगेट पाना मुश्किल हो रहा है. जब विभाग अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा और बड़ी संख्या में वाहन मालिक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं. तब इसे देखते हुए परिवहन विभाग अब नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा वाहन मालिक अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवा सकें. विभाग का मानना है कि आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाकर इस अभियान को तेज किया जा सकता है.
जानकारी के अनुसार आवेदन करते समय मोबाइल नंबर और ओटीपी से जुड़ी अनिवार्यता कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है. खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और उन लोगों के लिए जिनके मोबाइल नंबर वाहन रिकॉर्ड से लिंक नहीं हैं. इसी वजह से कई आवेदन अधूरे रह जाते हैं और लोग प्रक्रिया बीच में ही छोड़ देते हैं. इस स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग अब मोबाइल नंबर और ओटीपी की अनिवार्यता खत्म करने पर विचार कर रहा है.
अभियान की गति बढ़ाने की कोशिश
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में अभी भी बड़ी संख्या में वाहन ऐसे हैं जिनमें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है. सरकार ने इस व्यवस्था को इसलिए लागू किया था ताकि वाहनों की पहचान सुरक्षित और मानकीकृत हो सके. लेकिन तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के कारण कई वाहन मालिक अभी तक इस प्रक्रिया से नहीं जुड़ पाए हैं. इसी कारण विभाग अब आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है.
प्रदेश में लाखों वाहनों में अभी प्लेट नहीं
विभागीय आंकड़ों के अनुसार राज्य में लगभग 63 लाख वाहनों में अभी भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगना बाकी है. जबकि अब तक करीब 28 लाख वाहनों में ही यह प्लेट लग पाई है. इसका मतलब है कि अभी भी बड़ी संख्या में वाहन इस व्यवस्था से बाहर हैं. अभियान को तेज करने के लिए परिवहन विभाग लगातार नई रणनीति बना रहा है.
ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा परेशानी
परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार सबसे ज्यादा समस्याएं ग्रामीण क्षेत्रों और शहरों के बाहरी इलाकों में सामने आ रही हैं. कई वाहन मालिकों के मोबाइल नंबर वाहन रिकॉर्ड से जुड़े नहीं हैं. इसके अलावा कई मामलों में ओटीपी नहीं आने या तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आई हैं. इस वजह से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती और लोग नंबर प्लेट लगवाने से वंचित रह जाते हैं.
सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है HSRP
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाहनों की सुरक्षा और पहचान के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. इसमें खास प्रकार की होलोग्राम तकनीक और यूनिक कोड होता है जिससे वाहन की पहचान आसानी से की जा सकती है. यदि कोई वाहन चोरी हो जाए या किसी अपराध में इस्तेमाल हो तो इस नंबर प्लेट के जरिए उसे ट्रैक करना आसान हो जाता है. इसलिए सरकार चाहती है कि सभी वाहन मालिक जल्द से जल्द इसे लगवाएं.
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
वाहन मालिक परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल Book My HSRP के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी परिवहन सेवा केंद्र पर जाकर भी आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है. आवेदन के दौरान वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी आरसी देना जरूरी होगा. इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी जैसे पहचान पत्र की जरूरत पड़ सकती है. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय तारीख पर वाहन को संबंधित केंद्र पर ले जाना होगा जहां पुरानी नंबर प्लेट हटाकर नई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा दी जाएगी.