जीतू पटवारी ने कांग्रेसियों में भरा जोश, मध्य प्रदेश में सरकार और खनन माफिया का गठजोड़ मजबूत

छतरपुर : मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी व राष्ट्रीय सचिव सहप्रभारी रणविजय लोचाव ने छतरपुर में नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. पंचायत स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के अभियान में जीतू पटवारी जुटे हैं. उन्होंने पंचायत स्तरीय समितियों के गठन तथा जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर लेकर से विस्तार से चर्चा की.जीतू पटवारी ने कांग्रेस नेताओं को ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी. वहीं, मोदी सरकार और मोहन सरकार को माफिया की सरकार बताई.

पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. जीतू पटवारी ने कहा “मध्य प्रदेश में भाजपा, माफिया व अपराध एक साथ चल रहे हैं. सरकार प्रशासन पर नियंत्रण पूरी तरह खो चुकी है. भाजपा के विधायक, मंत्री और कार्यकर्ताओं के आपत्तिजनक वीडियो लगातार वायरल होना सच्चाई को उजागर करता है.”

बीजेपी के राज में अवैध रेत खनन, रिश्वतखोरी और अधिकारियों-नेताओं के गठजोड़ पर सरकार की चुप्पी क्या बताती है. केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा “रोजगार, काला धन, 15-15 लाख और विश्वगुरु जैसे वादे केवल जुमले साबित हुए. संसद में राहुल गांधी को बोलने से रोका जाना सरकार के डर को दिखाता है.” छतरपुर के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के खेल ग्राम पर जीतू पटवारी ने ये बातें कही.

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा “महज दो साल के कार्यकाल में ही उनका प्रभाव और नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो चुका है. सरकार न तो प्रशासन संभाल पा रही है और न ही जनता पर उसका कोई असर बचा है. इंदौर में पानी पीने से 32 मौतें हो चुकी हैं लेकिन मुख्यमंत्री की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा. छिंदवाड़ा में 27 बच्चे कफ सिरप पीकर मौत का शिकार हो जाते हैं, लेकिन सरकार की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा.”