मप्र के मुख्य सचिव अनुराग जैन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, अब 2026 तक पद पर रहेंगे

मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक साल का सेवा विस्तार मिल गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर उनको बधाई देते हुए जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन जी, आपको कार्यकाल के एक वर्ष बढ़ाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत् प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, मेरी मंगलकामनाएं।

बता दें मुख्य सचिव अनुराग जैन 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अब एक वर्ष के सेवा विस्तार से अनुराग जैन अगस्त 2026 तक पद पर बने रहेंगे। इससे पहले प्रदेश में हाल ही में इकबाल सिंह बैंस, वीरा राणा को भी सेवा विस्तार दिया गया था। नवंबर 2022 में जब इकबाल सिंह बैस रिटायर हो रहे थे, तब उनके सेवा विस्तार को लेकर लंबे समय तक संशय रहा। रिटायरमेंट के आखिरी दिन ही उन्हें 6 माह का विस्तार दिया गया। सितंबर 2023 में बैस के विस्तार की अवधि पूरी होने से पहले ही वीरा राणा को प्रभारी मुख्य सचिव बनाया गया। हालांकि राणा को भी तीन हफ्ते पहले ही छह माह का विस्तार मिल गया। सितंबर 2024 में जब राणा का कार्यकाल खत्म हुआ, उसी दिन अनुराग जैन को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। अब अनुराग जैन को रिटायरमेंट के तीन दिन पहले एक साल का सेवा विस्तार दिया गया।

पहले पीएमओ में काम कर चुके जैन
मुख्य सचिव अनुराग जैन का नाम उन अधिकारियों में गिना जाता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टीम में काम किया है। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच उन्हें प्रधानमंत्री की पसंद और भरोसेमंद अफसर के रूप में देखा जाता है। अनुराग जैन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में काम कर चुके हैं और उच्च स्तर पर उनकी पहचान मजबूत है। इसलिए अटकलें लगाई जा रही थी कि उनको एक्सटेंशन मिलने की संभावना ज्यादा है और यदि एक्सटेंशन नहीं मिलता है तो उनके अनुभव का लाभ केंद्र में कहीं लिया जा सकता है। हालांकि चर्चा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ही अनुराग जैन के सेवा विस्तार के लिए पहल की। उनकी तरफ से ही सेवा विस्तार का प्रस्ताव बढ़ाया गया है।

अनुराग जैन का जन्म 11 अगस्त 1965 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ था। भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने के बाद जैन की पहली नियुक्ति जून 1990 में सागर में सहायक कलेक्टर के पद पर हुई। जैन की शैक्षणिक योग्यता बी.टेक. इंजीनियरिंग और एमए लोक प्रशासन (अमेरिका) है। मुख्य सचिव जैन मंडला, मंदसौर, भोपाल जिलों में कलेक्टर के पद पर कार्यरत रहे। जैन ने मध्य प्रदेश शासन में सचिव, प्रमुख सचिव एवं अपर मुख्य सचिव के रूप में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाली।

कंसोटिया भी सेवानिवृत्त हो रहे इसी माह
प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया भी मुख्य सचिव के साथ ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। राज्य में मुख्य सचिव और गृह विभाग के प्रमुख सचिव का पद अहम होता है। कंसोटिया के बाद गृह विभाग को नया प्रमुख सचिव मिल सकता है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि मुख्य सचिव पर सस्पेंस खत्म होने के बाद प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हो सकती है। इसमें कई विभाग के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी भी इधर से उधर हो सकते हैं।

जैन सातवें सीएस जिनको मिला एक्सटेंशन
अनुराग जैन- 1 सितंबर 2025- 31 अगस्त 2026 (एक साल)
वीरा राणा- 31 मार्च 2024 से 30 सितंबर 2024 (छह माह)
इकबाल सिंह बैंस- एक दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 (दो एक्सटेंशन)
बीपी सिंह – 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2018 तक
आर परशुराम – 2012-13 में 6 माह
हरीश खन्ना – 1989- 90 में 4 महीने
आरपी कपूर – 1990-91 में 6 माह

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.