मध्य प्रदेश में कंडक्टर की हैवानियत! बस स्टैंड पर खड़ी बस में महिला से किया रेप

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी एक खाली बस में महिला को बंधक बनाकर बस कंडक्टर ने रेप किया। पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट पड़ाव थाने में दर्ज कराई। पुलिस फौरन स्पॉट पर पहुंची और भागने से पहले आरोपी बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।पीड़िता भिंड की रहने वाली है। पति से तलाक का केस चल रहा है, लेकिन पति कोर्ट नहीं आ रहा। उसी का पता करने के लिए वह शिवपुरी देहात थाने गई थी। इसके बाद भिंड लौट रही थी।भिंड के फूप इलाके की रहने वाली 27 साल की महिला एफआरवी की मदद से पड़ाव थाना पहुंची। पुलिस को उसने बताया कि 6 साल पहले उसकी शादी शिवपुरी में हुई थी।पति से उसका दो साल का एक बेटा है।कुछ समय से पति उसे प्रताड़ित कर रहा था।इसकी शिकायत उसने शिवपुरी देहात थाने में की थी। वर्तमान मे भिंड कोर्ट में पति से भरण-पोषण का केस चल रहा है।पति तय तारीख पर कोर्ट नहीं आ रहा है।उसी का पता लगाने के लिए वह सोमवार सुबह भिंड से शिवपुरी देहात के लिए निकली थी।

पीड़िता ने बताया कि ग्वालियर पहुंचकर वहां से शिवपुरी गुना जाने वाली बस में सवार हो गई। बस ने दोपहर में उसे शिवपुरी उतार दिया। ग्वालियर से शिवपुरी के बीच सफर के दौरान महिला से बस कंडक्टर विष्णु ओझा निवासी बदरवास सखारोड़ से जान पहचान हो गई। विष्णु ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। उसने बताया कि 2 घंटे बाद गुना से बस लौटेगी तो वह उसे फोन कर देगा। उसे आराम से ग्वालियर छोड़ देगा।

शाम को कंडक्टर विष्णु ओझा ने महिला को फोन कर शिवपुरी बुलाया और अपनी बस में बैठा लिया। रात करीब 9 बजे बस ग्वालियर बस स्टैंड पहुंच गई।पूरी बस खाली हो गई।विष्णु ने महिला से कहा कि वह बस में ही बैठी रहे।वह 10 मिनट में लौटकर आ रहा है, फिर उसे भिंड छोड़ देगा।करीब 9.30 बजे बस कंडक्टर वापस लौटा।उसने खाली बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए।जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।बलात्कार करने के बाद वह बस में महिला को छोड़कर चला गया।वारदात के बाद डरी-सहमी महिला ने एफआरवी को सूचना दी।एफआरवी ने महिला को पड़ाव थाना पहुंचाया।पड़ाव पुलिस महिला को लेकर बस स्टैंड वापस आई।यहां बस की पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी विष्णु ओझा निवासी बदरवास को भागने से पहले ही पकड़ लिया।महिला का मेडिकल कराकर रेप का मामला दर्ज किया गया।