मध्यप्रदेश में अगले 10 अप्रैल तक आंधी, वर्षा और ओलावृष्टि के आसार, किसानों की चिंता बढ़ी

भोपाल। प्रदेश के विभिन्न जिलों में रविवार रात गरज-चमक के साथ हुई वर्षा ने आम आदमी को जहां तेज गर्मी से राहत दी, लेकिन किसानों को चिंता में डाल दिया है। ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी, वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिसने गेहूं की फसल पर बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी चार दिनों (आठ अप्रैल) तक ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश की आशंका जताई है, ऐसे में अन्नदाता की नींद उड़ी हुई है।

जानकारों का कहना है कि ओले न भी गिरे तो भी तेज हवाओं के साथ होने वाली बारिश फसल को नुकसान पहुंचा सकती है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने संबंधित जिला के कलेक्टरों को फसल नुकसान का आंकलन कराने के निर्देश दिए हैं।