मध्य प्रदेश में होटल में मिले हिंदू युवती और धर्म विशेष का युवक, हिंदू संगठन ने स्याही और गोबर से पोता मुंह

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लव जिहाद का मामला सामने आया है. गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ लोगों ने कथित तौर पर लव जिहाद की आशंका जताते हुए धर्म विशेष के युवक को पीटा. इतना ही नहीं हिंदू संगठन के लोगों ने युवक के चेहरे पर गोबर पोत दिया और स्याही से मुंह रंग दिया. वहीं मामले में युवती का कहना है कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ आई थी.

युवक का मुंह स्याही से रंग कर गोबर पोता
गोविंदपुरा थाना इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है, जहां हिन्दू संगठन के कार्यकर्त्ताओं ने एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया. बताया जा रहा है की गोविन्दपुरा स्थित एक होटल में घुसकर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने धर्म विशेष के युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसके मुंह पर स्याही और गोबर पोत दिया. दरअसल, हिन्दू संगठन के लोगों को सुचना मिली थी कि धर्म विशेष का एक युवक और हिंदू युवती होटल में ठहरे हुए हैं.

लव जिहाद की आशंका, होटल से निकालकर युवक को पीटा
इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक-युवती को कमरे से बाहर निकाल लिया. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मामले को कथित लव जिहाद से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान युवक के साथ मारपीट की गई और उसे अर्धनग्न कर घसीटने का आरोप भी सामने आया है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि “युवक जहांगीराबाद का रहने वाला है. जबकी युवती अयोध्यानगर क्षेत्र की रहने वाली है.

5 साल से रिलेशनशिप में युवक-युवती
सूचना मिलने पर गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले गई. बताया जा रहा है कि दोनों घटना से करीब दो घंटे पहले होटल में चेक-इन किए थे. थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 5 साल से युवक के साथ रिलेशनशिप में है. उसने कहा कि उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती, दुराचार या गलत व्यवहार नहीं हुआ है.

युवती नहीं चाहती कानूनी कार्रवाई, युवक पर पहले से कई केस दर्ज
वह युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती. युवती ने यह भी बताया कि वह जिस जगह रह रही है, वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं है, इसलिए दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे. पुलिस जांच में युवक के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है. उसके खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. कुछ मामलों की सुनवाई कोर्ट में चल रही है.

विहिप ने कहा बजरंग दल का कोई संबंध नहीं
पुलिस ने बताया कि वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. वहीं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा की वीडियो के आधार पर समीक्षा की जा रही है. जिन लोगों ने मारपीट की है, उसकी जांच करवाई जा रही है. फिलहाल गोविंदपुरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.” वहीं, विहिप पदाधिकारी जितेंद्र चौहान ने कहा कि “इस घटना से बजरंग दल का कोई संबंध नहीं है और इसमें शामिल लोग संगठन के पदाधिकारी नहीं हैं.”