मध्यप्रदेश पुलिस की DSP ने की चोरी! दोस्त के घर से चुराए 2 लाख कैश और मोबाइल, FIR दर्ज

भोपाल : SP Accused of Stealing Cash-मध्यप्रदेश के भोपाल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला डीएसपी पर चोरी का आरोप लगा है. मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर अपनी ही दोस्त के घर से दो लाख रुपए कैश और एक मोबाइल चोरी करने का आरोप है. जहांगीराबाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी डीएसपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. यह मामला 24 सितंबर को दर्ज किया गया है, जबकि इसका वीडियो फुटेज बुधवार को सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में महिला अधिकारी दोस्त के घर आते-जाते समय नजर आ रही है.

घर में घुसकर की चोरी
जानकारी के अनुसार, प्रमिला तिवारी गल्ला मंडी जहांगीराबाद में रहती है. डीएसपी कल्पना रघुवंशी उनकी दोस्त हैं. महिला डीएसपी का प्रमिला के घर आना-जाना था. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर को वह और उनकी बेटी घर पर थीं. वे दोपहर में नहाने के लिए कमरे में गईं थी, इस दौरान गेट खुला था. तभी किसी ने घर में घुसकर उनका बैग चोरी कर लिया.

बच्चे की फीस के लिए रखे थे पैसे
प्रमिला ने पुलिस को बताया कि कैश उन्होंने बच्चे की फीस के लिए रखा था. उन्होंने बताया कि नहाने के बाद उन्होंने जब चेक किया तो बैग-पैसे और मोबाइल गायब थे. प्रमिला ने पुलिस को बताया कि कैश उन्होंने बच्चे की फीस के लिए रखा था. जब उन्हें शक हुआ तो सीसीटीवी फुटेज देखा. इसमें डीएसपी कल्पना रघुवंशी घर में आती-जाती हुई साफ दिखाई दीं.

सीसीटीवी में दिखी महिला डीएसपी
सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि घर से निकलते समय डीएसपी कल्पना रघुवंशी के हाथ में नोटों की गड्डी थी. वीडियो देखकर प्रमिला दंग रह गईं. उन्होंने फौरन थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद डीएसपी के खिलाफ चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की. जब इसकी जानकारी अधिकारी को लगी तो उन्होंने मोबाइल तो लौटा दिया, लेकिन पैसे नहीं लौटाए. फिलहाल महिला डीएसपी फरार हैं.

डीएसपी की तलाश जारी
इस मामले में एसीपी बिट्टू शर्मा ने बताया कि फरियादी महिला का मोबाइल बरामद कर लिया गया है. आरोपी डीएसपी को नोटिस जारी किया गया है. वह अभी अपने घर पर नहीं है, उनकी तलाश की जा रही है. दोनों महिलाएं आपस में सहेलियां थीं. घटना के समय वह सीसीटीवी में रुपए ले जाती हुईं दिखाई दे रही हैं. वहीं पुलिस मुख्यालय ने भी आरोपी अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है.