भोपाल। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में चक्रवातीय सिस्टम के चलते गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, वहीं पश्चिमी इलाकों में तपन का टार्चर शुरू हो गया है। शनिवार को रतलाम 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी जिलों में मौसम बदला रहा।
छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर और सिवनी में हल्की बारिश हुई। सिवनी, बैतूल, पांढुर्ना, डिंडोरी और अनूपपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से हवाएं चलीं। सागर, दमोह और नरसिंहपुर में धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार बालाघाट जिले के मलाजखंड में 4.8 एमएम और उमरिया में 3.2 एमएम तक पानी गिरा।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। साथ ही राजस्थान से लेकर झारखंड तक एक द्रोणी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के कारण पूर्वी इलाकों में नमी की वजह से बारिश हुई। मौसम विज्ञानी का कहना है कि रविवार से यह लुका-छिपी का खेल खत्म हो जाएगा। पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।
पांच डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
रविवार से ये मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ जाएंगे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलेगी। इसके परिणामस्वरूप अगले पांच दिनों में तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर — अधिकतम — न्यूनतम
भोपाल — 41.0 — 25.4
इंदौर — 42.0 — 25.1
ग्वालियर — 38.6 — 23.1
जबलपुर — 39.2 — 24.8
नोट — तापमान डिग्री सेल्सियस में