भोपाल: मध्य प्रदेश में इन दिनों कोल्ड वेव अथवा शीतलहर का दौर देखा जा रहा है. खास तौर पर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और जबलपुर संभाग के शहरों में सर्द हवाओं का दौर जारी है. राजधानी भोपाल में पिछले 7 दिनों से कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिक ने अगले 24 घंटे के बाद तापमान में गिरावट की संभावना जताई है. साथ ही 17 नवंबर से शीतलहर से थोड़ी राहत मिल सकती है.
इस दौरान सीहोर, इंदौर, शाजापुर, सतना, शहडोल, जबलपुर और छतरपुर जिले के खजुराहो व नौगांव में शीत लहर का प्रभाव रहा. वहीं भोपाल राजगढ़ और रीवा जैसे जिलों में तीव्रशीतलहर देखी गई. शुक्रवार-शनिवार को प्रदेश के राजगढ़ जिले की रात सबसे ठंडी रही. यहां रात का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं शहडोल के कल्याणपुर में 7 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ.
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में शीत लहर का दौर जारी रहेगा. हालांकि उसके बाद एक बार फिर दिन और रात के तापमान में इजाफा देखा जा सकता है.
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, वर्तमान समय में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में कश्मीर और उसके आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है. साथ ही एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी हरियाणा और उसके आसपास अभी सक्रिय हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि शीत लहर से बचने के लिए सुबह के समय वॉक सूरज उगने के बाद ही करें. साथ ही ऊनी वस्त्रों का उपयोग भी बुजुर्गों और बच्चों के लिए बेहद जरूरी है.
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसमें मुख्य रूप से मौसम विभाग ने शनिवार को इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
तापमान का ताजा हाल
अधिकतम तापमान: खंडवा – 30.5°C (सबसे ज्यादा), शिवपुरी – 30°C, नर्मदापुरम/खजुराहो (छतरपुर) – 29.6°C, मंडला – 29.5°C, – 29.4°C, सागर – 29.3°C, खरगोन/
न्यूनतम तापमान: राजगढ़ – 6.5°C, (सबसे कम), कल्याणपुर (शहडोल) – 7°C, गिरवर (शाजापुर) – 7.2°C, रीवा – 7.5°C, नौगांव (छतरपुर) – 7.8°C
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा?
उज्जैन – 28°C
ग्वालियर – 27.7°C
इंदौर – 26.7°C
जबलपुर – 26.4°C
भोपाल – 26.2°C