MP News-मध्यप्रदेश में सूरज के तेवर तीखे होते जा रहे हैं और लोगों की परेशानियां भीषण गर्मी से बढ़ती जा रही है. इसी बीच बैतूल में बढ़ती गर्मी के बीच जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है. बैतूल कलेक्टर सौरभ सोनवणे ने आदेश जारी कर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कक्षा नर्सरी से लेकर 8वीं तक के छात्रों के लिए तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया है.
अगले आदेश तक स्कूल बंद
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश आगामी सूचना तक प्रभावी रहेगी. पिछले कुछ दिनों से जिले में गर्मी बहुत तेज पड़ रही है, जिससे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ने की आशंका थी. वहीं बच्चों के माता-पिता भी प्रशासने से स्कूल समय में बदलाव या छुट्टियों की मांग कर रहे थे. इसी स्थिति का आकलन करते हुए कलेक्टर ने छोटे बच्चों को राहत देने का फैसला लिया है.
शिक्षकों के लिए नियम साफ
भले ही स्कूल बंद कर दिए गए है, लेकिन स्कूल के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ के लिए नियम अलग रखे गए हैं. आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि स्कूल के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्कूल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा. इस दौरान वे विभागीय और शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे. साथ ही जिन कक्षाओं की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे अपने तय समय और कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी.
बच्चों की सुरक्षा जरूरी
बैतूल जिला प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. आदेश का मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों को दोपहर की भीषण तपन और लू की चपेट में आने से बचाना है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि गर्म हवाएं बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बना रहता है.