मध्य प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ ठंड! सर्दी के प्रकोप से कांप उठा प्रदेश; इन 26 जिलों के लिए अलर्ट जारी

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार नवंबर में ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसने राजधानी भोपाल में 84 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अचानक बदले मौसम के कारण लोग दिसंबर-जनवरी जैसी ठिठुरन महसूस कर रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 26 जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में भीषण शीतलहर के लिए ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 23 अन्य जिलों में येलो अलर्ट है. जानिए आपके शहर में आज कैसा रहेगा मौसम.

मध्यप्रदेश में भयानक ठंड
मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर की शुरुआत से ही अप्रत्याशित रूप से शीतलहर चल रही है और अब यह अपने चरम पर पहुंच गई है. राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है, जिसने 84 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

ठंड इतनी ज़्यादा है कि नवंबर में ही लोगों को दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है. बर्फीली हवाओं ने सुबह और रात के समय हालात और भी ज़्यादा खराब कर दिए हैं, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

26 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के 26 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है. भोपाल, इंदौर और राजगढ़ को सबसे ज़्यादा प्रभावित ज़िले घोषित किया गया है, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां बेहद ठंडी हवाएं चलेंगी.

वहीं धार, बड़वानी, खरगोन, हरदा, बैतूल, देवास, सीहोर, शाजापुर, विदिशा, सागर, शिवपुरी सहित कुल 23 जिलों में येलो अलर्ट लगाया गया है, जहां हल्की से मध्यम शीतलहर जारी रहने की आशंका है.

तापमान में गिरावट
तापमान की बात करें तो राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 5°C दर्ज हुआ, जबकि उमरिया, इंदौर और नौगांव 7°C के आसपास रहे. राज्य के 15 जिलों में पारा 5 से 10°C के बीच बना हुआ है, जो नवंबर महीने के लिए असामान्य रूप से कम माना जाता है.

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवाओं के आने और साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे पूरे मध्य प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना है.