MP Weather Update-मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने मध्यप्रदेश में तपिश बढ़ा दी है. राजधानी भोपाल समेत जबलपुर, उज्जैन, सागर और नर्मदापुर जैसे शहरों में लू जैसे हालात है. गुरुवार को इन संभागों के जिले के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. शुक्रवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. गर्मी का आलम यह है कि कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है.
अप्रैल के आखिरी में बारिश के आसार
मौसम विभाग की माने तो अप्रैल के आखिरी में बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम में बदलाव के आसार हैं.
गर्मी से बचाव के लिए एडवायजरी जारी
बढ़ते तापमान को लेकर मौसम विभाग ने बचाव को लेकर एजवायजरी जारी की है. लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें. बिना काम दोपहर के समय बाहर निकलने से बचे. बच्चे और बुजुर्गों का खासतौर पर ध्यान रखें.
रात के तापमान में बढ़ोतरी
प्रदेश में अब दिन साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है. भोपाल समेत कई शहरों में तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास ही चल रहा है.नर्मदापुर जिला दिन और रात दोनों में प्रदेश में सबसे गर्म है. यहां रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक चल रहा है.
प्रदेश के 5 बड़े शहरों का हाल
वहीं प्रदेश के 5 बड़े शहरों में तापमान एक समान बना रहा. जबलपुर में 41.6 डिग्री, भोपाल में 41 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.तापमान में बढ़ोतरी के चलते लोग परेशान हैं.
प्रदेश के अन्य शहरों का तापमान
वहीं सीधी में 42.6 डिग्री, दतिया, दमोह, सागर-टीकमगढ़ में 42.2 डिग्री, रायसेन-रतलाम में 42 डिग्री, सतना में 41.8 डिग्री, मंडला में 41.6 डिग्री, गुना-रीवा में 41.5 डिग्री, नरसिंहपुर-खरगोन में 41.4 डिग्री, श्योपुर में 41.2 डिग्री, शाजापुर, खंडवा-दतिया में 41.1 डिग्री, उमरिया में तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया.
नर्मदापुरम सबसे गर्म
गुरुवार को तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश में पारा सामान्य से 4.2 डिग्री तक ज्यादा रहा. नर्मदापुरम में तापमान सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. वहीं छतरपुर जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में तापमान 43.4 डिग्री और जिले के नौगांव में तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया.
इन जिनों में लू का अलर्ट
IMD मौसम केंद्र भोपाल ने शुक्रवार को प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. जिन शहरों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर शामिल हैं.