मध्य प्रदेश में होश उड़ाने वाला मामला; जिसने भाई बनकर किया कन्यादान, वहीं निकला पति, चैट से खुलासा

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से होश उड़ाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस महिला की शादी हुई, वह पहले से शादीशुदा निकली। जिस शख्स ने शादी के मंडप में भाई बनकर लड़की का कन्यादान किया, वो ही उसका असली पति निकला। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित की पहचान ग्वालियर के चंद्रवदानी इलाके में रहने वाले रतन शर्मा के रूप में हुई है। वह पांच भाई हैं और किसी की शादी नहीं हुई। उनके मां-बाप उनके लिए लड़की ढूंढ रहे थे।

इस बीच उनके पड़ोसी सोनू तिवारी ने उन्हें सोनू उर्फ अजय चौहान नाम के शख्स से मिलवायाा। अजय ने कहा कि वह अपनी बहन के लिए लड़ाक ढूंढ रहा है। लड़केवालों ने लड़की की तस्वीर देखी और उसे पसंद कर शादी के लिए राजी हो गए। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित शख्स ने कहा कि परिवार ने शादी में लगभग 7 लाख रुपए खर्च किए थे। माया देवी, जिसे लड़की की मां बताया गया, उन्होंने कन्यादान किया। इसके अलावा शिल्पी परमार, राघवेंद्र परमार और सत्येंद्र चौहान भी दुल्हन के परिवार के सदस्यों के रूप में शादी में शामिल हुए।

कैसे हुआ खुलासा?
दुल्हन शादी के बाद ग्वालियर आ गई। परिवार को उस पर शक तब हुआ जब उन्होंने गौर किया कि दुल्हन हमेशा फोन पर किसी से चैट करती रहती है। एक दिन पति ने पत्नी का फोन चेक किया। उसे व्हाट्सऐप कुछ ऐसी चैट मिली जिससे पता चला कि सोनू उर्फ अजय चौहान उसका भाई नहीं पति है। परिवारवालों का ये भी आरोप है कि ये पूरी साजिश लाखों रुपए और गहने चुराने के लिए रची गई थी। इसके बाद पीड़ित परिवार राधा को लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने राधा, सोनू उर्फ ​​अजय चौहान, माया देवी, शिल्पी परमार, राघवेंद्र परमार, सत्येंद्र चौहान और सोनू तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी महिला को एक वन-स्टॉप सेंटर भेज दिया है, जबकि सोनू चौहान को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।