ट्विशा शर्मा मौत केस में बढ़ा सस्पेंस, कोर्ट में लगाए तीन नए आवेदन, दोनों पक्ष आमने-सामने

Twisha Sharma Case: भोपाल के हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच और कानूनी कार्यवाही ने कोर्ट में तीन नए आवेदन दायर होने के बाद एक नया मोड़ ले लिया है. एक आवेदन ट्विशा के परिवार के वकील ने दायर किया है, जबकि दो आवेदन गिरिबाला सिंह के वकील ने दायर किए हैं. दोनों पक्ष मामले के अहम सबूतों जैसे कि कॉल रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट और CCTV फुटेज को लेकर आमने-सामने आ गए हैं.

कॉल डिटेल्स खंगालने की तैयारी
दरअसल, दोनों पक्षों की ओर से कोर्ट में तीन नए आवेदन दायर किए गए हैं, जिससे यह कानूनी लड़ाई और भी तेज हो गई है. ट्विशा शर्मा के वकील ने अदालत में एक आवेदन दिया है, जिसमें गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के 12 मई से 20 मई के बीच के कॉल रिकॉर्ड पेश करने की मांग की गई है. इसके अलावा AIIMS में पोस्टमार्टम के दौरान रिकॉर्ड की गई CCTV फुटेज को सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि भविष्य की जांच में इस सबूत का इस्तेमाल किया जा सके.

गिरिबाला सिंह की तरफ से दो अलग-अलग आवेदन
दूसरी ओर गिरिबाला सिंह की ओर से दो अलग-अलग आवेदन दायर किए गए हैं. इन आवेदनों में ट्विशा शर्मा के परिवार के सदस्यों के कॉल रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट प्राप्त करने की मांग की गई है. गिरिबाला सिंह लगातार यह दावा कर रही हैं कि उन्होंने ट्विशा शर्मा को लगभग ₹7 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे, और इस मामले की जांच की भी मांग की जा रही है.

वहीं बता दें कि ट्विशा शर्मा के परिवार ने गिरिबाला सिंह पर भी आरोप लगाए थे, जिसमें उन पर कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क करने का इल्जाम लगाया गया था. इसके अलावा 46 लोगों की एक लिस्ट भी सार्वजनिक की गई थी. अब अदालत में नए आवेदन दायर किए जाने के बाद इस मामले की जांच और साथ ही इससे जुड़ी कानूनी दलीलें और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गई हैं.