मध्य प्रदेश में विधायक पुत्र के बंगले पर पेड़ से लटका मिला युवती का शव; शरीर पर थे चोटों के निशान

छतरपुर: मध्य प्रदेश में एक विधायक के बेटे के घर पर काम करने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और उसका शव घर के पिछले हिस्से में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। यह घटना टीकमगढ़ जिले की खरगापुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर के बेटे अभियंत गौर उर्फ टीटू के छतरपुर स्थित घर पर हुई। मृतक युवती के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान थे। उसके चेहरे के अलावा हाथों एवं पैरों से भी खून निकल रहा था। पुलिस ने बताया कि युवती के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, लेकिन उन्हें पुराना बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार सुबह सिविल थाना क्षेत्र की सनसिटी कॉलोनी में हुई। मृतका की पहचान सपना रैकवार के रूप में हुई है, जो कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बेला ताल के अजनर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और लंबे समय से विधायक के बेटे के घर पर काम करती थी। मामला ज्यादा तूल न पकड़े इसलिए पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृत युवती का शव परिजनों को दे दिया, हालांकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गुरुवार को भी बड़ी संख्या में पुलिस कांग्रेस विधायक के बंगले पर पहुंची|

मृतका के पास नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस ने बताया कि यह मामला सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सामने आया था, जब युवती का शव घर के पिछले हिस्से में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को अस्पताल भिजवाया। सुबह 9 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

पुलिस ने जब्त किया सीसीटीवी और मोबाइल
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइन टीआई बाल्मिक चौबे ने बताया कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जिस वक्त यह घटना हुई उसे समय कांग्रेस विधायक चंदा गौर के बेटे अभियंत गौर दिल्ली गए हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के बाद पर परिजनों को सौंप दिया। अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद जांच के सिलसिले में पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मृतक सपना का मोबाइल जब्त कर लिया है। सीसीटीवी में युवती घटनास्थल की ओर जाते हुए दिख रही है। पुलिस ने संबंधित मामले में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल के अलावा कुछ अन्य चीजों को भी जब्त किया है, जिनकी जांच बारीक से की जा रही है।

परिजनों ने जताया कुछ गलत होने का शक
सपना रैकवार के चाचा कमल रैकवार ने बताया कि सपना जब 10 साल की थी तब चंदा गौर के बेटे उसे अपने छतरपुर वाले घर में ले आए थे, तब से वह उन्हीं के घर में रह रही थी। सपना के चाचा का आरोप है कि उनकी भतीजी के साथ कुछ ना कुछ गलत हुआ है और पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच करे तो बहुत बड़ा खुलासा हो सकता है। इस घटना को लेकर सपना की मां कुछ भी नहीं बोल रही है|

चाचा का आरोप- झूठा वादा कर ले गए थे बच्ची को
सपना के चाचा ने बताया कि चंदा गौर के बेटे अभियंत गौर उनकी भतीजी छतरपुर में पढ़ाई लिखाई के लिए लाए थे लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कराया और आखिरकार यह घटना हो गई| पूरे मामले में कांग्रेस विधायक चंदा गौर के बेटे अभियंत गौर का कहना है कि जिस समय घटना हुई उसे समय वह दिल्ली में थे। उन्हें फोन के माध्यम से इस घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि सपना उनके घर में नौकरानी की तरह नहीं बल्कि परिवार के एक सदस्य की तरह रहती थी। मृतका के चाचा ने पुलिस से पूरे मामले की बारीकी से जांच करते हुए कार्रवाई करने की मांग की।