रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सराफा दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। सराफा दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को उनके गुटखा खाने की लत ने पकड़वा दिया। चोरी के बाद नकाबपोश बदमाश ने गुटखा खाने के लिए मूंह खोला, तभी उसका चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज उसकी पहचान कर उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया।
रीवा के सिटी कोतवाली थाने के उपरहटी निवासी सर्राफा व्यापारी विनोद कुमार खंडेलवाल, 6 जनवरी की शाम अपने घर का दरवाजा बंद कर मोहल्ले में सामान लेने चले गए थे। उसी दौरान शातिर बदमाश घर में घुसकर दुकान में पहुंचा और वहां रखे, चांदी के जेवर लेकर चंपत हो गया। भागते समय उसके कुछ जेवर रास्ते में गिर गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने उस रोड में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। एक कैमरे में घटना को अंजाम देने वाला बदमाश वारदात के चंद मिनट पहले, अपना चेहरा खोलकर गुटका खाते हुए नजर आया।
पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान तरहटी निवासी राजेश सोनी के रुप में की। पुलिस ने उक्त आरोपी को पूछताछ के लिए पकड़ा तो उसने अपने साथी फोर्ट रोड निवासी चिराग बाधवानी उर्फ चिकू के के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास से करीब तीन लाख रुपए कीमत के जेवरात बरामद हुए है। पुलिस द्वारा आरोपियों की अन्य घटनाओं में भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपी ने घटना को चेहरा बांधकर अंजाम दिया था लेकिन उसकी गुटखा खाने की लत ने उसे पकड़वा दिया, आरोपी ने गुटखा खाने के लिए मुंह खोला और उसका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद आरोपी पुलिस के हांथ लग गया।