नई दिल्ली। सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसिहवा गांव में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग जाने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। गर्मी के बीच लगी आग ने कुछ ही मिनटों में खपरैल के मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर के अंदर मौजूद दो बेटियों और एक बेटे की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसिहवा निवासी रामरतन साकेत के खपरैल मकान के समीप लगे बिजली के खंभे के ज्वाइंटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियां घर के आसपास जमा सूखी पत्तियों, झाड़ियों पर गिर गईं। भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैलते हुए सीधे मकान तक पहुंच गई।
घटना के समय बच्चों के पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लेने गई थी। इसी दौरान घर में मौजूद तीनों मासूम आग की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक अन्य बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के स्थानीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
मृतक बच्चों के नाम
नागेंद्र साकेत उम्र 3 वर्ष
घुम्मू उर्फ संध्या साकेत उम्र 6 साल
रिद्धि साकेत उम्र 1.5 साल
थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घर में आग लगने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।