राजगढ़: राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र स्थित बामनगांव छोटी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में खुद रहे नए कुएं में अचानक मलबा धंसने से दो महिलाएं दब गईं। मलबे में दबी दोनों महिलाएं रिश्ते में सास-बहू हैं। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और बचाव कार्य के लिए प्रशासन का अमला मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार बामनगांव में एक जनपद सदस्य के खेत में नया कुआं खुदवाया जा रहा था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जनपद सदस्य की 60 वर्षीय मां रूपाबाई और 30 वर्षीय पत्नी पिंकी बाई कुएं के अंदर उतरी थीं। बताया जा रहा है कि कुएं में जमा मिट्टी और पत्थर निकालने के लिए दोनों नीचे गई थीं। इसी दौरान कुएं की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई।
देखते ही देखते करीब 50 फीट गहरे कुएं में ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा गिर गया, जिससे दोनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर बचाव का प्रयास किया, लेकिन मलबा अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही खिलचीपुर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार सहित पुलिस बल ने बचाव अभियान शुरू कराया। राहत कार्य के लिए तीन जेसीबी मशीनें लगाई गईं। गहराई अधिक होने और मिट्टी लगातार दरकने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आने पर पोकलेन मशीन भी मौके पर बुलाई गई। मशीनों की मदद से कुएं के आसपास की मिट्टी हटाकर महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुआं हाल ही में खोदा गया था। बरसात से पहले की नमी और नई खुदाई के कारण मिट्टी काफी कच्ची थी। सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते यह बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। जनपद सदस्य सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात कर दिया है, ताकि महिलाओं को बाहर निकालते ही तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।