मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने और उन्हें लालच देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं. सिंघार ने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को एक कांग्रेस शासित राज्य में ले जा रही है, जो चुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया है.
उन्होंने याद दिलाया कि महाराष्ट्र चुनाव के समय बीजेपी भी अपने विधायकों को बाहर लेकर गई थी. सिंघार ने दावा किया कि 18 तारीख को होने वाले मतदान में कांग्रेस उम्मीदवार को 62 से अधिक वोट मिलेंगे और बीजेपी के कुछ विधायक भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे.
बीजेपी की सोच महिला विरोधी- सिंघार
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री तक पर्ची से तय किए जाते हैं और देश लोकतंत्र से तानाशाही की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यह राज्यसभा सीट केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने वाली सीट है और कांग्रेस के लिए मील का पत्थर साबित होगी.
सिंघार ने बीजेपी की सोच को महिला विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी नेता कांग्रेस विधायकों से संपर्क कर रहे हैं और उनके घरों तक पहुंच रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के लोग झोला लेकर विधायकों के घर जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस विधायक उन्हें भरे हुए झोले के साथ वापस भेज रहे हैं. उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस अपने विधायकों को कांग्रेस शासित राज्य में भेज रही है और मतदान से पहले सभी विधायक वापस लौट आएंगे.