महाकाल की नगरी में लुटेरी दुल्हन का जाल! सुहागरात के सपने दिखाकर फरार हुई पायल, लाखों की लगाई चपत

उज्जैन: उज्जैन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां विवाह के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय “लुटेरी दुल्हन गैंग” का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. भाटपचलाना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर स्थित थाना भाटपचलाना क्षेत्र में यह मामला उजागर हुआ. पुलिस के अनुसार, आरोपी शादी का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलते थे और शादी के कुछ दिनों बाद ही फरार हो जाते थे.

भाटपचलाना थाने में शिकायत दर्ज
इस संबंध में 29 जनवरी 2026 को फरियादी दिलीप धानुका, निवासी ग्राम मसवाडिया, ने भाटपचलाना थाने में शिकायत दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि वह विवाह के लिए लड़की की तलाश कर रहा था. इसी दौरान मुकेश धानुका और लखन बलाई ने उसकी मुलाकात पायल क्षारिया, निवासी भोपाल से कराई. आरोपियों ने शादी करवाने के बदले 1 लाख 40 हजार रुपये की मांग की. समझौते के तहत फरियादी ने 90 हजार रुपये नकद दे दिए, जबकि बाकी पैसे बाद में देने की बात तय हुई. इसके बाद 19 जनवरी 2026 को ग्राम गजनीखेड़ी में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया.

पायल मौके से फरार
शादी के महज 8 से 10 दिनों के भीतर ही पायल ने अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू कर दी. जब फरियादी ने और पैसे देने से इनकार किया, तो 29 जनवरी 2026 को पायल मौका पाकर मुकेश के साथ फरियादी के घर से फरार हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही भाटपचलाना पुलिस ने जल्द कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.