मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर मानकों से अधिक ध्वनि वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर पुलिस ने देर रात अभियान चलाकर कई मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाए। पुलिस ने सिविल लाइन और नगर कोतवाली क्षेत्र में कुल 15 लाउडस्पीकर हटाए जाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगे उन लाउडस्पीकरों को हटाया जा रहा है जिनकी ध्वनि निर्धारित मानक से अधिक है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी यह अभियान सक्रिय रूप से जारी है।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र से 9 और नगर कोतवाली क्षेत्र से 6 लाउडस्पीकर हटवाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अंतर्गत की जा रही है। मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत पहले मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों को नोटिस देकर लाउडस्पीकर की ध्वनि मानक स्तर तक रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी जहां नियमों का पालन नहीं किया गया, वहां पुलिस ने कार्रवाई की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ मस्जिदों तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी धार्मिक स्थलों पर समान रूप से लागू है। सीओ सिटी ने कहा कि आगामी दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस की टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बनने पाए और कार्रवाई शांति एवं संवाद के माध्यम से की जाए। पुलिस के इस कदम से प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया है, वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।