Ujjain Minor Childrens Rescued-मध्यप्रदेश के उज्जैन में पर गुरुवार रात बच्चों की तस्करी की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया. सूचना के आधार पर उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन को उज्जैन में रोका गया, इसके बाद नागदा स्टेशन पर ट्रेन को रोककर पुलिस, CWC और अन्य विभागों की टीम 26 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया. पुलिस को आशंका है कि बच्चों को मजदूरी के लिए गुजरात के अहमदाबाद ले जाया जा रहा था. फिलहाल इस मामले की जांच जारी है.
बच्चों की तस्करी की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, बाल कल्याण समिति और रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि करीब 100 बच्चों को मजदूरी के लिए मुजफ्फरनगर से अहमदाबाद ले जाया जा रहा है. सूचना पर चार थानों का पुलिस बल, आरपीएफ, जीआरपी, श्रम विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को तुरंत अलर्ट किया गया.
ट्रेन में की गई सर्चिंग
अंत्योदय एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 11 बजे उज्जैन स्टेशन पहुंची. ट्रेन के पहुंचते ही ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया गया. आधे घंटे तक 50 से ज्यादा बच्चों और उनके साथ मौजूद लोगों से पूछताछ की गई. उज्जैन में 4 बच्चों को संदिग्ध हालत में उतारा गया और पूछताछ की गई. इसी दौरान ट्रेन उज्जैन स्टेशन से आगे बढ़ गई.
नागदा में 22 बच्चों को किया रेस्क्यू
इसके बाद सीएसपी दीपिका शिंदे के निर्देश पर ट्रेन नागदा स्टेशन पर रुकवाई गई. वहां करीब एक घंटे तक पूछताछ के बाद 22 बच्चों को ट्रेन से रेस्क्यू किया गया. सभी बच्चों को फिलहाल उज्जैन जीआरपी को सौंप दिया गया है. जीआरपी के अनुसार, 14 बच्चे ऐसे हैं जिनके परिवार साथ में थे, वहीं 10 बच्चे ऐसे हैं जिनके साथ कोई रिश्तेदार नहीं था. पुलिस को आशंका है कि बच्चों को मजदूरी के लिए गुजरात ले जाया जा रहा था. परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले की जांच जारी है.