मुजफ्फरनगर के चरथावल में 8 आरोपी गिरफ्तार: कुटेसरा गांव में बच्चों के विवाद में हुई थी मारपीट

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र स्थित कुटेसरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस घटना में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

यह विवाद बच्चों की मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सत्यनारायण दाहिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में तनवेज, अनस, सुहैव, प्रवेज, अब्दुल्ला, हारिश, इंजार और शमीर शामिल हैं। ये सभी कुटेसरा गांव के ही निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।