मुजफ्फरनगर के चरथावल में चेकिंग के दौरान 10,500 रुपए का काटा चालान

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम निर्धना में पुलिस ने एक पटाखा बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार पर 10,500 रुपए का चालान भी लगाया गया।

यह कार्रवाई चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में की गई। चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि निर्धना गांव में एक युवक पटाखा बुलेट से तेज आवाज कर रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गौरव पुत्र गंगादास निवासी ग्राम निर्धना को पटाखा बुलेट मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया और 10,500 रुपए का चालान काटा।

पुलिस द्वारा पटाखा बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ यह लगातार तीसरी कार्रवाई है। क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए पुलिस ऐसी बाइकों के विरुद्ध अभियान चला रही है।