मुजफ्फरनगर में कार में फंसे बच्चा को शीशा तोड़कर निकाला: चरथावल में थाने के पास घटना

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में एक कार के अंदर फंसे बच्चे को शीशा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह घटना चरथावल थाने के पास स्थित नगर पंचायत कार्यालय के सामने हुई।

जानकारी के अनुसार, एक दंपत्ति अपने छोटे बच्चे को कार में सुलाकर सामान खरीदने गए थे। जब वे वापस लौटे, तो कार की चाबी गायब थी। काफी तलाशने के बाद भी चाबी नहीं मिली। बच्चा कार के अंदर बंद होने के कारण रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने स्थिति को समझते हुए कार का शीशा तोड़ा और बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।