मुज़फ्फरनगर। थाना साइबर क्राइम मुज़फ्फरनगर पुलिस ने फर्जी कॉल के जरिए लोगों से ठगी कर UPI के माध्यम से करीब 30 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले साइबर गिरोह के एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह एवं थाना प्रभारी साइबर क्राइम सुल्तान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
कैसे हुआ खुलासा
भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा विकसित ऑनलाइन पोर्टल “प्रतिबिम्ब” पर मुज़फ्फरनगर जनपद से फर्जी कॉल कर साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हुई थीं। जांच में सामने आया कि ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर और बैंक खाते जनपद मुज़फ्फरनगर में संचालित थे। गहन जांच के बाद पुलिस ने दिनांक 08 फरवरी 2026 को अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
विजय कुमार पुत्र सतेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सावटू, थाना भोराकलां, जनपद मुज़फ्फरनगर।
पंजीकृत मुकदमा
मु0अ0सं0 10/2026,
धारा 318(4), 336, 338 बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट,
थाना साइबर क्राइम, मुज़फ्फरनगर।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग में लिप्त था, जिसमें उसे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। घाटे के कारण उसे अपनी 2 बीघा जमीन तक बेचनी पड़ी। जमीन वापस खरीदने की लालसा में उसने साइबर अपराधियों के संपर्क में आकर अवैध तरीके से पैसे कमाने का रास्ता अपनाया।
आरोपी ने पहले अपने मोबाइल नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की, लेकिन शिकायतें बढ़ने पर खाते फ्रीज हो गए। इसके बाद उसने अपने भाई और माता के बैंक खातों व मोबाइल नंबरों का उपयोग कर टेलीग्राम के जरिए साइबर फ्रॉड करना शुरू किया। अलग-अलग बैंकों में कई खाते खुलवाकर ठगी की रकम मंगाई जाती थी।
करोड़ों की ठगी की आशंका
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के मोबाइल नंबरों और बैंक खातों पर अब तक करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इनमें से लगभग 30 लाख रुपये का लेन-देन अभियुक्त के खाते में पाया गया है। अन्य खातों और शिकायतों की जांच अभी जारी है।
बरामदगी
* 02 अदद मोबाइल फोन
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, निरीक्षक रविन्द्रपाल सिंह, निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, उपनिरीक्षक धर्मराज सिंह, उपनिरीक्षक मुबारिक हसन, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल बालकिशन, हेड कांस्टेबल आकाश चौधरी एवं कांस्टेबल रोबिन कसाना शामिल रहे।