मुजफ्फरनगर। पुरकाजी में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ, जब बाइक सवार रुड़की से अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान थाना भोपा क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी 56 वर्षीय शिवकुमार पुत्र वेद सिंह के रूप में हुई है। शिवकुमार अपनी प्लेटिना बाइक से रुड़की से गंगनहर पटरी के रास्ते अपने गांव जा रहे थे।
कम्हेड़ा और नगला दुहेली गंगनहर पटरी के बीच पहुंचने पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।