मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत जनपद के जनपद के लोगों को सपनों के घर की सौगात मिली है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए कार्यक्रम का मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में लाइव प्रसारण दिखाया गया। जनपद के 1516 परिवारों को सपनों के घर की सौगात मिलेगी। लाभार्थियों के खाते में वन क्लिक माध्यम से अनुदान राशि भेजी गई।
शनिवार को प्रदेशभर के लगभग दो लाख लाभार्थियों के खातों में करीब दो हजार करोड़ रुपये की अनुदान राशि वन क्लिक के माध्यम से सीधे ट्रांसफर की। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित कर उन्हें बधाई दी और कहा कि इस योजना के तहत जनपद के कुल 1516 लाभार्थियों के खातों में एक-एक लाख रुपये की धनराशि भेजी गई है।
योगी सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली से वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 मुजफ्फरनगर के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए न सिर्फ छत, बल्कि सुरक्षित भविष्य की नींव साबित हो रही है।
इस दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर मौजूद रहे।