मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शामली-पानीपत-खटीमा मार्ग पर देर रात एक सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक कार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खड़ी कार पलटकर खेत में जा गिरी। यह घटना रात करीब 10 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, शामली की ओर से आ रही स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से तेज गति से आ रही वैगनआर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तीन-चार पत्थरों से टकराती हुई खेत में जा पलटी।
हादसा देखकर राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 नंबर की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
उप निरीक्षक मोहित कुमार ने बताया कि हादसे में घायल हुए व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की जांच की जा रही है।