मुजफ्फरनगर: जिन लोगों ने पीटा, उसी के परिवार की मां-बेटी पुलिसकर्मी ने बचाई जान

जिला अस्पताल चौराहे पर तेज रफ्तार कार को रोका, तो गुस्साए कार सवार चार युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बुरी तरह पीटा। अन्य पुलिसकर्मी दौड़े तो आरोपी कार छोड़कर भाग गए। लॉक कार का शीशा तोड़कर पुलिस ने उनके घर की महिला और एक बच्ची को बचाया, नहीं तो दम घुट सकता था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

रविवार रात नगर में सिख समुदाय ने नगर कीर्तन निकाला था। जो अंसारी रोड से होते हुए शिव चौक की तरफ जा रहा था। जिला अस्पताल पर पुलिस कर्मियों ने वाहनों को रोक रखा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से एक चालक कार को तेज गति से भगाकर ले जाने लगा। यातायात पुलिस कर्मी जामिन अली ने उसे रोका और कार का फोटो खींच लिया।

इससे नाराज होकर कार सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई। अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो आरोपी कार को लॉक कर भाग गए। उनके साथ एक महिला व बच्ची भी थी। बच्ची को कार में सोते हुए ही आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर महिला व बच्ची को बाहर निकाला। दोनों मां-बेटी बताई गईं। दिल्ली निवासी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चारों लोग मुजफ्फरनगर में किसी के यहां छठी के कार्यक्रम आए थे और वापस जा रहे थे। उनकी तलाश की जा रही है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।