मेले में लगी आग में झुलसकर मुजफ्फरनगर के डीएम के रिश्तेदार की मौत

प्रयागराज। Prayagraj News : प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर पांच में बड़ा हादसा हो गया। बृहस्पतिवार की रात टेंट में लगी आग में झुलसकर एक युवक की मौत हो गई। सरायइनायत इलाके का रहने वाला मानस मिश्रा मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा का रिश्तेदार बताया जा रहा है। मेला एसपी नीरज कुमार पांडेय ने बताया मानस मिश्रा 90 फीसदी झुलस गया था। उसे एसआरएन अस्पताल ले जया गया जहां उसकी मौत हो गई।

माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर पांच के अन्नपूर्णा मार्ग स्थित एक टेंट में लगी आग से झुलसे एक श्रद्धालु की मौत हो गई है। मृतक की पहचान सराय इनायत थाना क्षेत्र के लीलापुर कलां निवासी मानस मिश्रा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक मानस मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

बृहस्पतिवार रात माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर पांच के अन्नपूर्णा मार्ग स्थित एक टेंट में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू गया। लेकिन इसी बीच टेंट में सो रहे सराय इनायत थाना क्षेत्र के लीलापुर कलां निवासी मानस मिश्रा भी आग की चपेट में आ गया। पुलिस की मदद से उसे एसआरएन पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज पांडेय ने बताया कि देर रात टेंट में आग लगी थी। आग की चपेट में आकर युवक 90 फीसदी झुलस गया। इलाज के दौरान मौत हुई है, मामले की जांच की जा रही है।