मुजफ्फरनगर में रायफल से चली गोली! सिक्योरिटी गार्ड की मौत, नाबालिग बना रहा था रील

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में लाइसेंसी बंदूक के साथ वीडियो बनाना एक नाबालिक युवक को उस समय भारी पड़ गया जब अचानक बंदूक से चली गोली से सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल करते हुए बंदूक को कब्जे में लेते हुए जहां किशोर को अभिरक्षा में ले लिया तो वहीं पुलिस द्वारा मृतक सुरक्षा गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है. इस मामले में मृतक सुरक्षा गार्ड के परिजनों ने भी हत्या और दुर्घटना का अंदेशा जताते हुए थाने में शिकायत कर कार्यवाही की मांग करी है.

क्या है पूरा मामला
दरअसल नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित द्वारका सिटी में मंगलवार शाम एक निर्माणधीन मकान में सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक के साथ वीडियो बनाना बिजली ठेकेदार के एक नाबालिग बेटे को उस समय भारी पड़ गया जब अचानक बंदूक का ट्रिगर दबने से गोली चल गई, और गोली लगने से सुरक्षा गार्ड (21 वर्षीय शुभम) गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतक सुरक्षा गार्ड के परिजनों ने कार्रवाई की मांग की
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायल सुरक्षा गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.पुलिस ने इस मामले में बंदूक को कब्जे में लेते हुए नाबालिक युवक को अभिरक्षा में ले लिया है तो वहीं मृतक सुरक्षा गार्ड शुभम के परिजनों ने भी हत्या और दुर्घटना का अंदेशा जताते हुए पुलिस को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग करी है.

मृतक सुरक्षा गार्ड के मामा राहुल ने बताया, “हमारा भांजा यहां पर काम करने के लिए आता था. यहां पर काम करने के लिए दो लड़के थे. उनका कहना है कि उन्होंने गन अंदर लॉकर में रख रही थी. जब लॉकर में रखी थी तो उनके हाथ में कैसे आई और अगर उनके हाथ में आ भी गई तो उसमें कारतूस कैसे डला फिर उसको चलाया कैसे. सही बात तो यह है गोली चलना कोई मामूली बात तो है नहीं कि गोली ऐसे ही चल गई. कोई बच्चों का खेल नहीं है गोली चलाना. उसको लोड भी करना पड़ता है. ट्रिगर को दबाना भी पड़ता है,जब उसको एकदम से दबाएंगे जब ही तो गोली चलेगी ऐसा तो कुछ है नहीं कि एकदम चुटकी मारी और गोली चल गई. हमारा मानना यह है कि यह हत्या भी हो सकती है और जाने अनजाने में भी हो सकता है. हम यह चाहते हैं कि इस मामले में जल्दी से जल्दी कार्रवाई हो और जो मुजरिम हो उसको सजा मिले.

घटना पर पुलिस का बयान
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि बीते शाम थाना नई मंडी के द्वारकापुरी सिटी में एक निर्माणधीन मकान में नियुक्त प्राइवेट गार्ड जिसका नाम शुभम है, जो बेहडा थ्रू थाना भोपा का रहने वाला है, अपने एक साथी के साथ लाइसेंसी असले के साथ जब वीडियो बना रहा था, उसी समय एकाएक फायरिंग हो जाने से वो घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई. पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया, जिस नाबालिग युवक के हाथ से फायरिंग हुआ था, उसको पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, और उस असले को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. समस्त प्रकरण में नई मंडी पुलिस टीम द्वारा अग्रिम विधित कारवाही की जा रही है.