मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के मोरना ब्लॉक क्षेत्र के अथाई गांव में सोमवार शाम एक खतरनाक रसल वाइपर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
यह घटना थाना भोपा क्षेत्र के अथाई गांव निवासी विनोद पुत्र विक्रम के घर में हुई। विनोद के घर में सांप दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
मोरना रेंज के वन विभाग के कर्मवीर सिंह ने बताया कि सेक्शन ऑफिसर के आदेश पर वह अपने साथी वाचर कर्मचारी मनोज के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने विनोद के घर से खतरनाक रसल वाइपर सांप को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें इस सांप के इतना खतरनाक होने की जानकारी नहीं थी। सोमवार को जब सांप ने तेज फुंकार लगाई, तो घरवाले भयभीत हो गए और उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया।
सेक्शन ऑफिसर दीपक कुमार ने जानकारी दी कि रसल वाइपर सांप को खतरनाक प्रजातियों में शामिल किया जाता है। यह अत्यंत जहरीला होता है और इसके काटने से व्यक्ति की जान जा सकती है।