मुजफ्फरनगर। बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते मुजफ्फरनगर जनपद में अफरा-तफरी मच गई, जब इवेंट पर जा रही एक सरकारी एंबुलेंस और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार सात छात्राएं और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
घटना पुरकाजी थाना क्षेत्र के मोरना मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, आर्य हाई स्कूल की छात्राएं सिकंदरपुर स्थित आर्य इंटर कॉलेज में अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट जमा करने जा रही थीं। इसी दौरान सरकारी एंबुलेंस और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। घायल छात्राओं में आंचल, निशा, प्रीति, अलीना, निशु और रिया शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल छात्रा आंचल और निशा के साथ-साथ ई-रिक्शा चालक मोनू को डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। ई-रिक्शा चालक मोनू के पैर में दो जगह फ्रैक्चर हुआ है।
घायल छात्राओं के अध्यापक नरेश कुमार ने बताया कि हादसा तुगलकपुर और गोदना के बीच हुआ। कुछ छात्राओं को हल्की चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया। छात्राएं रोजमर्रा की तरह सिकंदरपुर कॉलेज जाती हैं और इसी रास्ते पर यह दुर्घटना हुई।
स्थानीय लोग और अभिभावक इस हादसे से सकते में हैं और घटना की गंभीरता पर चिंता जताई जा रही है।