कोर्ट में धमाके की धमकी पर मेरठ से मुजफ्फरनगर तक अलर्ट

मुजफ्फरनगर। मेरठ में न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जिले में चेकिंग अभियान चलाया गया। कचहरी परिसर में पुलिस की टीम पहुंची। चर्चा फैल गई कि मुजफ्फरनगर न्यायालय को लेकर भी धमाके की धमकी दी गई है। डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा ने कहा कि इस तरह का कोई ई-मेल नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान चलाया और सुरक्षा बढ़ाई गई है।

शुक्रवार को मेरठ में न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने की जानकारी जिले में भी फैल गई। पुलिस ने कचहरी परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। अभियान में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम शामिल रही।

यह भी चर्चा फैल गई कि मुजफ्फरनगर में न्यायालय परिसर को लेकर भी धमकी भरा ई-मेल आया है। इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को दी गई। डीएम और एसएसपी ने चेकिंग कराने की बात स्वीकार की है लेकिन धमकी भरे ई-मेल की जानकारी होने से इंकार कर दिया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने नगर में पैदल भ्रमण सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डयूटी पर मिले पुलिसकर्मियों को सतर्कता बनाए रखते हुए ड्यूटी करने को कहा। यातायात व्यवस्था भी बनाए रखने के आदेश दिए।