मुजफ्फरनगर में बदमाश और पुलिस में मुठभेड़: बदमाश के पैर में लगी गोली

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद की ककरौली पुलिस और बदमाश के बीच मंगलवार देर शाम मुठभेड़ हुई । जानकारी के अनुसार पुलिस ने 15 हजार के इनामी बदमाश राहुल को गिरफ्तार किया है। बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, पीली व सफेद धातु के आभूषण और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

बदमाश के पैर में लगी गोली

भोपा क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेई ने बताया कि मंगलवार देर शाम ढांसरी नहर पटरी पर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की। बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

आरोपी की हुई पहचान

पूछताछ में बदमाश राहुल ने बताया कि उसने बीते मंगलवार को ढांसरी गांव निवासी नीटू कुमार के बंद मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। इससे पहले दिसंबर महीने में उसने जड़वड़ गांव में अमित के मकान से भी आभूषण चुराए थे।

बदमाश पे कुल दस मुकदमें दर्ज हैं

भोपा क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेई के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश राहुल पुत्र सोमा बंगाली, निवासी भोकरहेड़ी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ थाना रामराज, बुढ़ाना, खतौली, मीरापुर और ककरौली में आर्म एक्ट के सहित कई धाराओं में कुल दस मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।