मुजफ्फरनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान, 127 वाहनों के चालान

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में यातायात पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को खराब मौसम और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद पुलिस टीम सड़कों पर मुस्तैदी से डटी रही। इस दौरान 127 वाहनों के चालान किए गए।

यह सघन अभियान एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण और सीओ यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने चलाया। अभियान के तहत मीनाक्षी चौक से आर्य समाज रोड, महावीर चौक से होते हुए प्रकाश चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

अभियान के दौरान दुकानों के बाहर फैला सामान, अस्थायी ढांचे और सड़क घेरकर खड़े किए गए अवरोध हटाए गए। पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों और आमजन से सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की अपील की, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और जाम की समस्या से राहत मिल सके।

नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 127 वाहनों के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई जनहित में की जा रही है और ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

यातायात पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट का प्रयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।