मुजफ्फरनगर में भीम आर्मी नेता पर हमला: जिला महासचिव को पीटा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में भीम आर्मी के जिला महासचिव रणजीत पर दो दबंगों ने हमला कर दिया। मंगलवार सुबह 11 बजे सैद नंगला गांव में हुई इस घटना में आरोपियों ने रणजीत को लाठियों से पीटा। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।

हमले में रणजीत के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव की दीवार पर पोस्टर लगाने को लेकर रणजीत और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था।

पीड़ित ने चरथावल थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।