मुजफ्फरनगर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रामपुरी में एक रुपये के फोटोस्टेट के पैसे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में लाठी-डंडों और लात-घूंसों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें एक ही पक्ष के चार युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित दलित पक्ष के अर्जुन ने बताया कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बुरी तरह मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं। मारपीट का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीड़ित पक्ष को पीटा और उन्हें लहूलुहान कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।