मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के जौली नहर में पांच दिन पहले कूदे युवक खुशनसीब का शव बुधवार को बरामद हो गया। खुशनसीब ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे जौली नहर पुल पर अपनी बाइक खड़ी कर गंगनहर में छलांग लगा दी थी। परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कमहेड़ा निवासी 27 वर्षीय खुशनसीब पुत्र इस्माइल ने जौली पुल से गंगनहर में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या की थी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे खुशनसीब मुजफ्फरनगर से अपने गांव कमहेड़ा लौट रहा था। वह अपनी छोटी बहन से मिलकर आ रहा था, जिसने हाल ही में एक पुत्र को जन्म दिया था।
जौली पहुंचने पर उसने गांव निवासी अपने परिचित शाहनवाज को फोन कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी। शाहनवाज तुरंत गांव से बाइक पर जौली पहुंचा, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ कर पाता, खुशनसीब ने बड़ी गंगनहर में छलांग लगा दी। शाहनवाज के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक खुशनसीब गहरे पानी में समा चुका था।
परिजनों ने बताया कि खुशनसीब पिछले तीन-चार वर्षों से पानीपत में रह रहा था। उसका अपनी पत्नी आसमीन से विवाद चल रहा था, जिसके कारण पत्नी मायके में रह रही है। खुशनसीब की एक वर्षीय पुत्री सादिका है। उसकी पत्नी के पूर्व पति से भी दो बच्चे, पुत्र सुफियान और पुत्री इनाया हैं। खुशनसीब वेल्डिंग मिस्त्री का काम करता था।
भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।