मुजफ्फरनगर में शराब पिलाकर अंधाधुंध दौड़ा दिये भैंसे, बुग्गी रेस से आई आफत…

मुजफ्फरनगर: कुछ युवकों ने भैंसों को शराब पिलाकर सड़क पर अंधाधुंध दौड़ा दिया। यह नजारा किसी मेले या जश्न का नहीं, बल्कि जुए और दिखावे के चक्‍कर में पागल हुए युवाओं की करतूत का था। मामला थाना ककरौली क्षेत्र के जड़वड़ मार्ग का है, जहां गंगा स्नान मेले में जाने वाले कुछ युवकों ने भैंसा-बुग्गी की दौड़ लगाकर राहगीरों की जान खतरे में डाल दी। पुलिस ने तीन युवकों को अरेस्‍ट कर लिया। बाकी 24 आरोपी मौके से भाग निकले।

पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह शुकतीर्थ में आयोजित कार्तिक गंगा स्नान मेले के लिए जा रहे युवकों का एक समूह हार-जीत की शर्त लगाकर भैंसा-बुग्गी दौड़ा रहा था। भैंसों को शराब पिलाकर उन पर लगातार आर (लोहे की कील वाला औजार) मारी जा रही थी। नशे में धुत भैंसे अनियंत्रित होकर दौड़ने लगे, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने किसी तरह जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।

24 आरोपी बाइक और पैदल भाग निकले
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चेकिंग अभियान चलाया। मौके से तीन युवकों मनीष जड़वड़, नीरज मोरना और राजा निवासी नेहड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो बुग्गियां और एक आर लगी हुई पेहनी बरामद की है। बाकी 24 युवक मौके से बाइक और पैदल भाग निकले।

पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने न केवल पशु क्रूरता की, बल्कि सड़क पर आम लोगों की जान को खतरे में डाला। ऐसे आयोजनों से पूर्व में कई गंभीर हादसे भी हो चुके हैं। इसलिए इस बार कठोर कार्रवाई की गई है। कुल 27 युवकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, जुआ अधिनियम और शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।