मुजफ्फरनगर में हाईवे पर चलती कार में लगी आगः मच गया हडकंप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ से कार में सवार परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंसूरपुर निवासी नितिन सैनी अपनी पत्नी कोमल सैनी और दो बच्चों, चार वर्षीय ईशानवी तथा एक वर्षीय बेटे के साथ मंसूरपुर से संकोती की ओर दवाई लेने जा रहे थे। जब उनकी कार हाईवे पर भैसी कट से आगे पहुंची, तभी अचानक गाड़ी से धुआं निकलता दिखाई दिया।

स्थिति को भांपते हुए चालक नितिन कुमार ने तुरंत अपनी पत्नी और बच्चों को कार से बाहर निकाला। देखते ही देखते धुआं भयंकर आग में बदल गया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। हाईवे पर आग की लपटें उठती देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र भगेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

कार चालक नितिन कुमार ने बताया कि आग में उनका वॉलेट और कुछ जरूरी कागजात भी जल गए। हालांकि, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।