मुजफ्फरनगर में श्रीनाथ शिव मंदिर में हंगामा, चप्पल पहनकर प्रवेश का आरोप

मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसोली स्थित श्रीनाथ शिव मंदिर में शनिवार दोपहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में चप्पल पहनकर प्रवेश किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

संगठन को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मंदिर के भीतर जूते-चप्पल पहनकर प्रवेश कर रहे हैं, जिससे मंदिर की पवित्रता भंग हो रही है। सूचना मिलते ही हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और एक युवक पर शिवालय के पास चप्पल पहनकर नाश्ता करने का आरोप लगाया। इस दौरान नारेबाजी भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हिंदू युवा वाहिनी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री आदित्य प्रहलाद पाहुजा ने कहा कि मंदिर की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं, मंदिर के पुजारी ने पूरे मामले को गलतफहमी बताया। उनका कहना है कि मंदिर परिसर में इन दिनों रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है, जिसके चलते कुछ मजदूर कार्यरत हैं। काम के दौरान अनजाने में चप्पल पहनकर प्रवेश हो गया, जिन्हें धार्मिक मर्यादाओं की पूरी जानकारी नहीं थी। सूचना मिलते ही मजदूरों को सख्त हिदायत दी गई और अब मंदिर में प्रवेश को लेकर अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।